MIA
पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने एमआईडीसी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के साथ किया संवाद
1 सितम्बर 2026 2.50 PM
नागपुर - हिंगणा एमआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में उद्योगों की सुरक्षा, चोरी एवं अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा आपातकालीन प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नागपुर पुलिस एवं एमआईडीसी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के बीच महत्वपूर्ण संवाद आयोजित किया गया। नागपुर के पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने उद्योग प्रतिनिधियों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
एमआईए हाउस में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में एमआईए के अध्यक्ष पी. मोहन ने कहा कि हिंगणा एमआईडीसी क्षेत्र में बड़ी संख्या में उद्योग कार्यरत हैं और हजारों कर्मचारी प्रतिदिन यहां आते-जाते हैं। ऐसे में सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित औद्योगिक वातावरण उद्योगों की निरंतरता, निवेश और रोजगार के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने उद्योग एवं पुलिस के बीच नियमित समन्वय बैठकें, औद्योगिक समस्याओं के लिए समर्पित आपातकालीन संपर्क व्यवस्था, चोरी की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों की संयुक्त पहचान, रात्रि गश्त में वृद्धि तथा यातायात प्रबंधन को मजबूत करने की मांग रखी।
मोहन ने औद्योगिक क्षेत्र में संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी को सुदृढ़ करने तथा पुलिस, अग्निशमन विभाग, अस्पतालों और उद्योगों के बीच बेहतर आपातकालीन समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने संभावित औद्योगिक दुर्घटनाओं एवं आपात स्थितियों से निपटने के लिए विभिन्न विभागों और उद्योगों की संयुक्त मॉक ड्रिल नियमित रूप से आयोजित करने का सुझाव दिया, ताकि आपात स्थिति में प्रतिक्रिया समय को न्यूनतम किया जा सके।
एक-से-एक संवाद के दौरान पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने उद्योग प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को धैर्यपूर्वक सुना। उन्होंने कहा कि सुरक्षित औद्योगिक वातावरण के लिए निवारक पुलिसिंग, प्रभावी गश्त और पुलिस–उद्योग के बीच निरंतर संवाद अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उद्योगों को पुलिस के साथ सक्रिय रूप से समन्वय बनाए रखने का आग्रह करते हुए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, वसंत परदेसी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, दक्षिण क्षेत्र, तथा ऋषिकेश रेड्डी,डीसीपी जोन-1 का एमआईए की ओर से सत्कार किया गया। एमआईडीसी पुलिस स्टेशन के पीआई भी कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।एमआईडीसी की ओर से कार्यकारी अभियंता विट्ठल राठौड़, एरिया मैनेजर गजानन वानखेड़े तथा अभाजी गुटे ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ एमआईए के सचिव अरुण लांजेवार के स्वागत भाषण से हुआ। सिद्धार्थ खोसला ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं परिचय प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय एमआईए की ओर से कृष्ण कुमार डागा एवं प्रवीण पालकर ने किया। अंत में अरुण लांजेवार ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अरविंद कालिया, अजय अग्रवाल, सचिन जैन, चरण सिंह, सुमेध पटवर्धन, राकेश गुप्ता, मनीष मालपानी, नीलकंठ जायसवाल, रोहित बजाज, महेश नांगिया एवं विवेक देशपांडे सहित विभिन्न उद्योगों के सदस्यों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की।
एमआईए का मानना है कि सुरक्षित और सुव्यवस्थित औद्योगिक क्षेत्र केवल उद्योगों की सुरक्षा का विषय नहीं, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास का आधार है। सुरक्षित औद्योगिक वातावरण से निर्बाध उत्पादन, निवेशकों का बढ़ता विश्वास और रोजगार के नए अवसर सुनिश्चित होंगे।















