MIA
एमआईए ने एमएसईडीसीएल के समक्ष औद्योगिक विद्युत अवसंरचना से जुड़े प्रमुख मुद्दे उठाए
4 अक्टूबर 2026 4.25 PM
एमआईडीसी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष पी. मोहन ने महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के निदेशक (ऑपरेशंस) धनंजय औंधेकर से हाल ही में हुई बैठक में नागपुर एवं विदर्भ क्षेत्र के उद्योगों को प्रभावित करने वाली विद्युत अवसंरचना एवं सेवा संबंधी महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में एमएसईडीसीएल की ओर से मुख्य अभियंता राजेश नाईक, अधीक्षक अभियंता प्रफुल्ल लांडे, कार्यकारी अभियंता प्रशांत तेम्बेकर सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। एमआईए की ओर से अध्यक्ष पी. मोहन, अजय अग्रवाल, नीलकंठ जायसवाल एवं जमधार ने भाग लिया। इसके अलावा बीएमए, एलयूबी, एनवीसीसी तथा अन्य औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने भी सहभागिता करते हुए अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए।
मोहन ने कहा कि विश्वसनीय, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध विद्युत आपूर्ति नए निवेश आकर्षित करने तथा मौजूदा उद्योगों, विशेषकर सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों के विस्तार के लिए अत्यंत आवश्यक है। महाराष्ट्र सरकार की “इन्वेस्ट महाराष्ट्र-मेड फाॅर बिजनेस” पहल की पृष्ठभूमि में उन्होंने बढ़ते औद्योगिक निवेश के अनुरूप एमएसईडीसीएल को विद्युत अवसंरचना को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
एमआईए ने औद्योगिक क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मर क्षमता में तत्काल वृद्धि, अतिरिक्त वितरण ट्रांसफॉर्मर की स्थापना तथा नए सब-स्टेशनों के निर्माण की मांग की। साथ ही बार-बार होने वाले वोल्टेज उतार-चढ़ाव, पावर डिप्स एवं विद्युत व्यवधानों पर चिंता व्यक्त की गई, जिससे उत्पादन प्रभावित होने के साथ सीएनसी मशीनों, मोटरों एवं संवेदनशील इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान का जोखिम रहता है। विद्युत आपूर्ति की स्थिरता बढ़ाने के लिए तकनीकी रूप से संभव स्थानों पर सीरीज रिएक्टर लगाने का सुझाव भी दिया गया।
एमआईए ने न्यू सर्विस कनेक्शंस में हो रही देरी, विशेषकर ठेकेदारों से संबंधित समस्याओं, पर भी ध्यान आकर्षित किया तथा कड़े एसएलए मॉनिटरिंग और जवाबदेही की मांग की। इसके साथ ही विदर्भ-मराठवाड़ा विद्युत सब्सिडी के वितरण में हो रही देरी को दूर करने के लिए पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी एवं समयबद्ध प्रक्रिया लागू करने का आग्रह किया गया।
पी. मोहन ने कहा, “विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि औद्योगिक विकास की रीढ़ है। नागपुर में नए निवेश बढ़ रहे हैं, इसलिए एमएसईडीसीएल की विद्युत अवसंरचना को औद्योगिक मांग से आगे रहना होगा। उद्योग और एमएसईडीसीएल के बीच मजबूत साझेदारी के माध्यम से हम ऐसी भविष्य-उन्मुख विद्युत व्यवस्था विकसित कर सकते हैं, जो निवेश, विस्तार, उत्पादकता और रोजगार को गति दे।”
एमआईए ने विश्वास व्यक्त किया कि इस संवाद से विद्युत अवसंरचना के त्वरित सुदृढ़ीकरण, बेहतर विद्युत गुणवत्ता तथा उद्योग-एमएसईडीसीएल समन्वय को और मजबूती मिलेगी तथा नागपुर एवं विदर्भ में सतत औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।















