NCCL
20 मार्च 2025 9.20 PM
नागपुर - गत सोमवार की शाम नागपुर में दंगों के कारण व्यापारिक इलाकों में कर्फ्यू लगने से नागपुर का व्यापार प्रतिदिन 200 से 250 करोड़ रुपए से प्रभावित हो रहा है, जिससे नागपुर के व्यापारी चिंतित हैं। नागपुर चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष कैलाश जोगानी के नेतृत्व में आज पुलिस आयुक्त रवीन्द्र कुमार सिंगल से मुलाकात कर तीन दिन से लगातार बंद व्यापार पर चिंता जाहिर की।
पुलिस आयुक्त सिंगल ने कहा कि आज कुछ इलाकों में कर्फ्यू में ढील दी गई तथा कुछ संवेदनशील इलाकों में कर्फ्यू अभी कुछ दिन यथावत रखा जाएगा। नंदनवन पुलिस स्टेशन जोन 4 और कपिल नगर पुलिस स्टेशन जोन 5 में कर्फ्यू पूर्णतः समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द नागपुर का व्यापार यथावत हो जाएगा तथा नागपुर में फिर से शांति स्थापित हो जाएगी। सारा पुलिस प्रशासन मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। जनता तथा व्यापारियों का भी पूर्ण सहयोग मिल रहा है।
चेंबर के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष कैलाश जोगानी, दि होलसेल क्लॉथ एंड यार्न मर्चेंट एसोसिएशन, गांधीबाग, नागपुर के अध्यक्ष नारायण तोष्णीवाल, भूतपूर्व अध्यक्ष गोविंद पसारी, उपाध्यक्ष प्रदीप जाजू, उपाध्यक्ष तरूण निर्बाण, सचिव विजय जायस्वाल, वसंत पालीवाल और संजय पांडे उपस्थित थे।


























































































