एमआईडीसी हिंगणा को राज्य में सबसे सशक्त, टिकाऊ एवं आदर्श औद्योगिक क्षेत्रों में से एक बनाने का संकल्प दोहराया

Painter: Artist busy on his creative work

MIA

एमआईए की वार्षिक आमसभा संपन्न 

29 अगस्त 2026        5.15 PM

नागपुर - एमआईडीसी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा आज एमआईए हाउस, हिंगणा में एमआईए के अध्यक्ष पी. मोहन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। आमसभा में सितंबर 2025 से अगस्त 2026 की अवधि के दौरान एसोसिएशन की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की समीक्षा की गई। वर्ष 2025–26 की वार्षिक रिपोर्ट एवं लेखापरीक्षित वार्षिक लेखे सर्वसम्मति से अनुमोदित किए गए। साथ ही, वर्ष 2026–27 के लिए ऑडिटर की नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई।

सदस्यों को संबोधित करते हुए पी. मोहन ने वर्षभर एमआईए द्वारा औद्योगिक अधोसंरचना, बिजली एवं उपयोगिताओं, कौशल विकास, उद्योग-शैक्षणिक संस्थान सहयोग, पर्यावरण संरक्षण, सीएसआर, सदस्यता विस्तार एवं सदस्य सेवाओं के क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष के दौरान 68 से अधिक कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित की गईं, जिससे औद्योगिक इकाइयों के बीच संवाद, सहयोग एवं सहभागिता को बढ़ावा मिला।

आगामी वर्ष की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए मोहन ने नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने, कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना, एसएमई के लिए डिजिटलाइजेशन सहयोग, क्लस्टर आधारित औद्योगिक विकास, अधोसंरचना में सुधार तथा सरकारी विभागों के साथ बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने औद्योगिक इकाइयों से साझा समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया तथा एमआईडीसी हिंगणा को महाराष्ट्र के सबसे सशक्त, टिकाऊ एवं आदर्श औद्योगिक क्षेत्रों में से एक बनाने के एमआईए के संकल्प को दोहराया।

आमसभा में आयोजित संवादात्मक सत्र में सदस्यों ने अधोसंरचना, नागरिक सुविधाओं, बिजली-पानी एवं अन्य उपयोगिताओं तथा एसोसिएशन की आगामी गतिविधियों से संबंधित मुद्दे एवं सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक का समापन कोषाध्यक्ष सचिन जैन द्वारा प्रस्तावित धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता एवं निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

आमसभा में कार्यकारिणी समिति के सदस्य गणेश जायसवाल, अरविंद कालिया, कृष्णकुमार डागा,अजय अग्रवाल, सचिन जैन, अरुण लांजेवार, प्रवीण पालकर,  चरण सिंह माथुरिया, सुमेध पटवर्धन, राकेश गुप्ता एवं  मनीष मालपानी सहित बड़ी संख्या में औद्योगिक सदस्य उपस्थित रहे।

आमसभा ने औद्योगिक विकास, सदस्य कल्याण, सतत विकास एवं प्रभावी नीतिगत पैरवी के प्रति एमआईए की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए हिंगणा के औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को और मजबूत बनाने तथा नागपुर एवं विदर्भ के आर्थिक विकास में योगदान देने का सामूहिक संकल्प व्यक्त किया।“ मजबूत उद्योग, बेहतर अधोसंरचना और प्रगतिशील हिंगणा के लिए-साथ मिलकर आगे बढ़ें।"









Posted in