नागपुर स्किल सेंटर का उद्घाटन 26 जुलाई को

Painter: Artist busy on his creative work

AID

- मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा

- युवाओं को मिलेगा रोजगारोन्मुखी नि:शुल्क कौशल प्रशिक्षण

24 जुलाई 2026            5.50 PM

नागपुर - विदर्भ के उद्योगों को कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित नागपुर स्किल सेंटर का उद्घाटन रविवार, 26 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के हाथों होगा। उद्घाटन समारोह पारडी स्थित प्रजापति नगर मेट्रो स्टेशन के समीप स्थित कौशल विकास केंद्र में आयोजित किया जाएगा।

एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट ने अध्यक्ष आशीष काले के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन एवं दूरदर्शी सोच से इस महत्वाकांक्षी परियोजना की परिकल्पना की है। टाटा स्ट्राइव, नागपुर महानगरपालिका, स्किल इंडिया अभियान और विदर्भ ग्लोबल फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से यह अत्याधुनिक कौशल विकास केंद्र स्थापित किया गया है।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर नीता ठाकरे करेंगी। समारोह में राजस्व मंत्री एवं नागपुर जिले के पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे, राज्य मंत्री एड. आशीष जायसवाल, राज्यसभा सदस्य माया इवनाते, सभी विधायक, विधान परिषद सदस्य, मनपा आयुक्त डॉ. विपिन, जिला कलेक्टर कुमार आशीर्वाद, नागपुर महानगरपालिका के पदाधिकारी तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

उद्योगों की जरूरत के अनुसार मिलेगा प्रशिक्षण

करीब 30 हजार वर्गफुट क्षेत्रफल में और 1.25 एकड़ परिसर में विकसित इस आधुनिक स्किल सेंटर में प्रतिवर्ष लगभग 2,000 युवाओं को प्रशिक्षण देने की क्षमता है। यहां उद्योगों की मांग के अनुरूप रोजगारोन्मुखी कौशल प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास, प्लेसमेंट सहायता तथा उद्यमिता विकास का प्रशिक्षण देकर युवाओं को रोजगार के लिए तैयार किया जाएगा।

10वीं, 12वीं और स्नातकों के लिए नि:शुल्क कोर्स

स्किल सेंटर में 10वीं, 12वीं उत्तीर्ण तथा स्नातक युवक-युवतियों के लिए विभिन्न नि:शुल्क अल्पकालीन कौशल विकास पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं। कई पाठ्यक्रमों में ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग, कंप्यूटर एवं अंग्रेजी का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।10वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए फूड एंड बेवरेज सर्विस स्टूअर्ड, असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, फील्ड टेक्नीशियन तथा सोलर पीवी इंस्टॉलर (सूर्यमित्र) जैसे पाठ्यक्रम उपलब्ध होंगे। 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए फ्रंट ऑफिस एसोसिएट और क्विक सर्विस रेस्टोरेंट एग्जीक्यूटिव के कोर्स संचालित किए  जाएंगे। स्नातकों के लिए बिजनेस डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव तथा यूआई/यूएक्स डिज़ाइनर जैसे विशेष रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। जनरल ड्यूटी असिस्टेंट पाठ्यक्रम के लिए आयु सीमा 20 से 45 वर्ष, जबकि अन्य सभी पाठ्यक्रमों के लिए 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है।

प्रशिक्षण के साथ रोजगार पर रहेगा विशेष फोकस

नागपुर स्किल सेंटर विदर्भ के औद्योगिक विकास को नई गति देने के साथ उद्योगों को प्रशिक्षित एवं दक्ष मानव संसाधन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

प्रवेश एवं अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी नागपुर स्किल सेंटर, प्रथम तल, कौशल विकास केंद्र, पारडी अग्निशमन दल कार्यालय के सामने, प्रजापति नगर मेट्रो स्टेशन के समीप, नागपुर में संपर्क कर सकते हैं।
संपर्क नंबर : रुपेश - 8329247288, अविनाश - 9168498235, सुमीत - 8855891404









Posted in