AID
• एआईडी ने केंद्र सरकार के ऐतिहासिक निर्णय का किया स्वागत
• प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का जताया आभार
13 मई 2026 7.45 PM
नागपुर - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की स्वामित्व वाली तथा मिहान इंडिया लिमिटेड (एमआईएल) को लीज पर दी गई भूमि की लीज अवधि बढ़ाने को मंजूरी प्रदान की है। इस ऐतिहासिक निर्णय का एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट (एआईडी) ने स्वागत किया है। इस निर्णय से अब सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत नागपुर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के आधुनिकीकरण और उन्नयन का मार्ग प्रशस्त हो गया है। एआईडी ने विश्वास व्यक्त किया है कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा का आधुनिकीकरण होकर वह मध्य भारत का विश्वस्तरीय विमानन केंद्र बनेगा।
इस विषय पर एआईडी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किजारपु राममोहन नायडू , राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल तथा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और संबंधित विभागों के समक्ष कई ज्ञापन और लगातार अनुसरण किया था। फरवरी महीने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी ज्ञापन सौंपकर हवाईअड्डे के आधुनिकीकरण को शीघ्र मंजूरी देने का अनुरोध किया गया था।एआईडी के अध्यक्ष आशीष काले ने कहा कि यह निर्णय विदर्भ के आर्थिक और औद्योगिक विकास के लिए एक टर्निंग पॉइंट साबित होगा तथा नागपुर को यात्री परिवहन, कार्गो, लॉजिस्टिक्स, निर्यात, निवेश, पर्यटन और रोजगार सृजन के प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूती मिलेगी।
इस परिवर्तनकारी प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए आशीष काले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी तथा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का आभार व्यक्त किया है।एआईडी ने विश्वास व्यक्त किया कि हवाईअड्डे के चरणबद्ध विकास से भविष्य में प्रतिवर्ष लाखों यात्रियों का आवागमन तथा कार्गो क्षमता में वृद्धि होगी। इससे व्यापार, उद्योग, उत्पादन, निर्यात, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवसर उपलब्ध होंगे।


























































































