CAMIT
15 जून 2026 9.35 PM
नागपुर - चेंबर ऑफ एसोसिएशन्स ऑफ महाराष्ट्र इंडस्ट्री एंड ट्रेड का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष डॉ. दीपेन अग्रवाल के नेतृत्व में नागपुर के नव नियुक्त जिलाधिकारी कुमार आर्शीवाद से भेंट कर उनका अभिनंदन एवं स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल ने प्रारंभ में जिलाधिकारी का शॉल, कैमिट दुपट्टा एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया तथा उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ दीं। साथ ही नागपुर जिले के समग्र विकास में उनके नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त किया।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नागपुर के व्यापार एवं औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण एवं ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। डॉ. दीपेन अग्रवाल ने हिंगना, बूटीबोरी, कलमेश्वर एवं मिहान जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, नाली व्यवस्था, अतिक्रमण, स्ट्रीट लाइट एवं सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं की खराब स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए इनके सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता बताई।
प्रतिनिधिमंडल ने पर्यावरणीय स्वीकृतियों एवं अन्य नियामक अनुमतियों में हो रही देरी पर भी चिंता जताई तथा महाराष्ट्र इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन,महाराष्ट्र पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड, राजस्व विभाग एवं स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर व्यापार सुगमता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
खनन क्षेत्र, कच्चे माल की आवाजाही, लॉजिस्टिक्स से संबंधित समस्याएँ, औद्योगिक भूमि की उपलब्धता एवं राजस्व प्रक्रियाओं के सरलीकरण जैसे विषय भी प्रमुखता से उठाए गए। कैमिट ने खनन क्षेत्रों से औद्योगिक क्लस्टरों तक बेहतर संपर्क, अनुमति प्रक्रियाओं को सरल बनाने एवं अवैध परिवहन पर रोक लगाने की आवश्यकता बताई, जिससे निष्पक्ष व्यापार व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
प्रतिनिधिमंडल ने चेक अनादरण (चेक बाउंस) के मामलों में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 421 के अंतर्गत जारी रिकवरी वारंटों के निष्पादन में हो रही अत्यधिक देरी का मुद्दा भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा। कैमिट ने बताया कि इससे व्यापारियों एवं उद्योगपतियों को गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस संदर्भ में स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करने, जवाबदेही तय करने एवं प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने की मांग की गई ताकि वसूली की प्रक्रिया समयबद्ध हो सके और व्यापारिक लेन-देन में विश्वास बना रहे।
कुमार आर्शीवाद ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता एवं सकारात्मकता के साथ सुना। उन्होंने कैमिट की रचनात्मक भूमिका की सराहना करते हुए सिद्धांततः व्यापार एवं उद्योग प्रतिनिधियों की एक समिति गठित करने पर सहमति व्यक्त की, जिससे विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं का सुनियोजित समाधान निकाला जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि इसी माह व्यापार एवं उद्योग प्रतिनिधियों के साथ एमपीसीबी, एमआईडीसी, राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें इन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर व्यावहारिक समाधान खोजे जाएंगे।जिलाधिकारी ने कैमिट से विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं पर बिंदुवार सुझाव प्रस्तुत करने का आग्रह किया तथा आश्वासन दिया कि वास्तविक एवं न्यायोचित समस्याओं का समयबद्ध एवं परिणामोन्मुख समाधान किया जाएगा।
डॉ. दीपेन अग्रवाल ने कैमिट की ओर से जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि नागपुर को एक मजबूत औद्योगिक, व्यापारिक एवं लॉजिस्टिक्स हब बनाने की दिशा में व्यापार एवं उद्योग जगत प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करेगा। इस प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से संजय के. अग्रवाल, अशोक संघवी, सूर्यकांत अग्रवाल एवं मुकुल अग्रवाल उपस्थित थे।



















