विदर्भ के विकास के लिए एकीकृत दृष्टिकोण आवश्यक : नितिन गड़करी

Painter: Artist busy on his creative work

AID

‘एडवांटेज विदर्भ 2026’ के कृतज्ञता समारोह में सहभागी संस्थाओं का सम्मान

 29 जून 2026            3.00 PM

नागपुर - विदर्भ के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को गति देने के लिए एकीकृत दृष्टिकोण अपनाना आवश्यक है तथा ‘एडवांटेज विदर्भ’ पहल केवल नागपुर तक सीमित न रहकर पूरे विदर्भ में विस्तार पाना चाहिए। यह विचार केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री तथा एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट (एआईडी) के संरक्षक नितिन गडकरी ने व्यक्त किए।

वे एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट (एआईडी) द्वारा कल यहां आयोजित ‘एडवांटेज विदर्भ 2026-3.0’ खासदार औद्योगिक महोत्सव के सफल आयोजन में योगदान देने वाले उद्योग जगत, शासकीय विभागों, उद्यमियों, स्वयंसेवकों तथा विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए आयोजित ‘ग्रैटिट्यूड सेरेमनी’ की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।

इस अवसर पर वित्त, नियोजन एवं कृषि राज्य मंत्री एडवोकेट आशीष जयसवाल, ग्राम विकास, आवास, स्कूल शिक्षा एवं खनन राज्य मंत्री डॉ. पंकज भोयर, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय संचेती, आईआईएम नागपुर के निदेशक डॉ. भीमराया मेत्री, मनपा स्थायी समिति की अध्यक्ष शिवानी दाणी, एआईडी के अध्यक्ष आशीष काले, सचिव डॉ. विजयकुमार शर्मा सहित एआईडी के पदाधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर ‘एडवांटेज विदर्भ 2026’ की रिपोर्ट तथा ‘पेटेंट जेम्स ऑफ विदर्भ 2.0’ का विमोचन भी गणमान्य अतिथियों के हाथों किया गया।

नितिन गडकरी ने नागपुर हवाई अड्डे के विस्तार कार्य को प्रारंभ कराने के लिए एआईडी द्वारा किए गए सतत प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हवाई अड्डे का विस्तार कार्य तेजी से प्रगति पर है और शीघ्र ही पूरा होगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि विदर्भ में फिल्म सिटी स्थापित होती है, तो यहां के कलाकारों और तकनीशियनों को बड़े पैमाने पर अवसर प्राप्त होंगे। इस दिशा में एआईडी के अध्यक्ष आशीष काले के प्रयासों की उन्होंने विशेष प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि हम समस्याएं उत्पन्न करने वाले नहीं, बल्कि उनके समाधान खोजने वाले हैं। एआईडी को सकारात्मक, पारदर्शी और सर्वसमावेशी दृष्टिकोण के साथ कार्य करते हुए अपने विस्तार पर ध्यान देना चाहिए तथा अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ना चाहिए।

एआईडी के अध्यक्ष आशीष काले ने पिछले तीन वर्षों में संस्था की प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की संकल्पना से प्रारंभ हुआ यह उपक्रम आज 33 औद्योगिक, व्यावसायिक एवं सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त सहयोग से एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। इसकी सफलता में सभी सहभागी संस्थाओं, उद्यमियों और सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

ग्रैंड एयरपोर्ट बैंक्वेट, नागपुर में आयोजित इस समारोह में एडवांटेज विदर्भ 2026 की सफलता में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभिन्न संस्थाओं और व्यक्तियों का सम्मान किया गया। स्टार्टअप ‘फैमिली कैप’ के बारे में संयोजक शशिकांत चौधरी ने जानकारी दी। पेटेंट गैलरी के संयोजक विनय चावला ने ‘पेटेंट जेम्स ऑफ विदर्भ 2.0’ की जानकारी प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन तथा आभार प्रदर्शन डॉ. विजय कुमार शर्मा ने किया।

कार्यक्रम में एआईडी के उपाध्यक्ष गिरधारी मंत्री, प्रणव शर्मा, राजेश बागड़ी तथा कार्यकारी सदस्य प्रशांत उगेमुगे, राजेश रोकड़े, रविंद्र बोरटकर, महेंद्र क्षीरसागर, विनोद तांबी, महेश साधवानी, संजय गुप्ता, अविनाश घुशे, अजय कपूर, अजय मृग, अनूप खंडेलवाल, अशोक गोयल, निर्भय संचेती, प्रसन्न देशपांडे, प्रसन्न मोहिले, शिवकुमार राव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

औद्योगिक विकास को नई दिशा देने वाला आंदोलन : डॉ. पंकज भोयर

राज्य मंत्री डॉ. पंकज भोयर ने एडवांटेज विदर्भ पहल की सराहना करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में प्रारंभ हुआ यह अभियान विदर्भ के औद्योगिक विकास को नई दिशा दे रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल के माध्यम से भविष्य में क्षेत्र में बड़े पैमाने पर उद्योग एवं निवेश आकर्षित होंगे।

कालिदास के जीवन पर बनेगी फिल्म : आशीष जयसवाल

राज्य मंत्री आशीष जयसवाल ने विदर्भ के आर्थिक विकास के लिए संचालित एडवांटेज विदर्भ के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि कविकुलगुरु कालिदास के जीवन पर आधारित फिल्म की शूटिंग रामटेक स्थित फिल्म सिटी में की जाएगी।









Posted in