VIA-LEW
7 अगस्त 2026 7.15 PM
नागपुर - सिनेमा और कारोबार को जोड़ते हुए विदर्भ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की लेडी एंटरप्रेन्योर विंग (ल्यू) ने उद्योग भवन में “एंटरप्रेन्योरशिप लेसंस फ्रॉम बॉलीवुड” विषय पर चर्चा सत्र का आयोजन किया।
इस सत्र में शेयर अवर स्ट्रेंग्थ के डायरेक्टर सचिन जहागीरदार, नागपुर फर्स्ट फाउंडेशन के इंडिया चेयर तनवीर मिर्जा और एफजी ग्लोबल कंसल्टेंट्स के फाउंडर-पार्टनर सुमित पृथ्यानी ने अपने अनुभव साझा किए। बड़ी संख्या में उद्यमी, ल्यू और वीआईए के सदस्य उपस्थित थे।
पृथ्यानी ने एम.एस.धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी, के उदाहरण से बताया कि सफलता प्रक्रिया पर निर्भर करती है, परिणाम पर नहीं। उन्होंने टीम निर्माण, डेटा आधारित निर्णय, दबाव में शांत नेतृत्व, स्वास्थ्य और समय के साथ बदलाव को सफलता की कुंजी बताया। उनके अनुसार सिनेमा और बिजनेस दोनों ही सपने, रचनात्मकता और हिम्मत से चलते हैं।
मिर्जा ने शोले फिल्म को बिजनेस की पाठशाला बताया। ठाकुर का “कीमत जो तुम चाहो, काम जो मैं चाहूं” डायलॉग एक्सपर्ट हायरिंग की सीख देता है। गब्बर का इनाम पूछना ब्रांड वैल्यू और मार्केट डोमिनेंस का उदाहरण है। नॉन परफॉर्मर्स को हटाना और जय-वीरू की साझेदारी से टीमवर्क, रिस्क मैनेजमेंट और एग्जिट स्ट्रेटेजी के पाठ मिलते हैं।
जागीरदार ने चक दे इंडिया से पर्पज और पैशन, गुरु से नियमों की समझ और आलोचना से सीख, स्वदेश से समस्या पहचानकर समाधान देना, इंग्लिश-विंग्लिश से जीवनभर सीखते रहने और ब्लैकबेरी से समय के साथ खुद को अपडेट रखने की सीख दी।
कार्यक्रम का उद्घाटन ल्यू चेयरपर्सन योगिता देशमुख ने किया। संचालन वंदना शर्मा, परिचय श्रीगौरी घटाटे और आभार पूनम गुप्ता ने किया। उपस्थित लोगों ने कहा कि ये फिल्मी सीखें उनके व्यवसाय और नेतृत्व कौशल में मददगार साबित होंगी।



















